रायगढ़ । चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जामगांव के पास सुबह-सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। नो एंट्री में खड़ी एक ट्रेलर को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए और उसके चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलर एमएसपी प्लांट से माल खाली करने के बाद वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन सडक़ पर एक-दूसरे के आगे-पीछे ही चल रहे थे। इसी दौरान जामगांव के पास आगे वाले ट्रेलर को नो एंट्री के कारण खड़ा किया गया था। पीछे से आ रहे ट्रेलर का चालक स्थिति को संभाल नहीं पाया और गाड़ी सीधे खड़ी ट्रेलर के पीछे जा टकराई। हादसे का प्रारंभिक कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि पीछे चल रहे ट्रेलर का ब्रेक अचानक फेल हो गया था, जिसके चलते चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और यह जानलेवा हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वाले चालक की पहचान गिरधारी भई के रूप में हुई है। मृतक ४६ वर्षीय गिरधारी नरेन्द्रपुर बुडन जिला बरगढ़ ओडिशा का रहने वाला था। वहीं जिस ट्रेलर से भिड़ंत हुई दोनों एक ही ट्रांसपोर्ट कंपनी का है। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के स्पष्ट कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों और ट्रांसपोर्ट कंपनी को भी घटना की सूचना दे दी गई है।









