श्री कृष्ण गौशाला पामगढ़ में 16 एवं 17 नवंबर को भव्य गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन, गौमाता की सेवा और भक्ति कार्यक्रमों से गूंजेगा गौशाला परिसर
अखंड रामायण पाठ, गौमाता की विशेष सेवा, उड़िया पाल्हा भजन, आरती एवं सत्संग का होगा आयोजन; गौशाला के विकास में भूमि दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान
खरसिया (पामगढ़)। भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा में गौमाता को माता का दर्जा दिया गया है। गौमाता की सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से पंजीकृत श्री कृष्ण गौशाला, पामगढ़, बाजार चौक में इस वर्ष भी गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर 16 एवं 17 नवंबर 2026 को दो दिवसीय भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
श्री कृष्ण गौशाला समिति, पामगढ़ एवं समस्त क्षेत्रवासियों के विनीत आग्रह पर आयोजित इस महोत्सव में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गौभक्तों, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य गौमाता की सेवा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौसेवा के पुनीत कार्य से जोड़ना है।
16 नवंबर से अखंड रामायण पाठ एवं गौसेवा कार्यक्रम का शुभारंभ
आयोजन के प्रथम दिन 16 नवंबर, सोमवार को प्रातः 8 बजे से अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ होगा, जो 17 नवंबर को सुबह 9 बजे तक निरंतर चलेगा। इसी दिन प्रातः 10 बजे से गौमाता की विशेष सेवा की जाएगी। इसमें गौशाला परिसर की साफ-सफाई, गौमाता का स्नान, मालिश, घास एवं चारा खिलाने तथा पानी की व्यवस्था सहित विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे।
17 नवंबर, मंगलवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक उड़िया पाल्हा भजन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके पश्चात शाम 6 बजे से गौमाता की आरती एवं भजन कार्यक्रम होगा। वहीं रात्रि 8 बजे से सत्संग एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इन धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से गौभक्त भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में सहभागी बनेंगे। इस अवसर पर रायगढ़ लोकसभा के सांसद राधेश्याम राठिया का भी आगमन होगा एवं कार्यक्रम में शामिल होंगे
भूमि दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं का सराहनीय योगदान
श्री कृष्ण गौशाला के निर्माण एवं विकास में समाजसेवियों, दानदाताओं और गौभक्तों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। गौशाला के लिए भूमि दानदाता के रूप में राहिन बाई पटेल (पामगढ़) एवं बाबूलाल पटेल (पामगढ़) का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है।
गौशाला के लिए सहयोग करने वाले दानदाताओं में पम्मी भाटिया (रायगढ़), कमल गर्ग (खरसिया), अनिल मेडिकल (चपले), मनोज अग्रवाल (रायगढ़), दयाशंकर दर्शन (छोटे डूमरपाली), विष्णु शर्मा पत्रकार (खरसिया), मनोज अग्रवाल (रायगढ़), प्रमोद पटेल (रायगढ़), महेश साहू (सरवानी) एवं राजेंद्र पाल राठौर (महका) के नाम शामिल हैं।
गौशाला समिति ने इन सभी दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के लोगों का ऐसा सहयोग गौमाता की सेवा और गौशाला के संचालन को निरंतर मजबूती प्रदान करता है। गौशाला के विकास एवं पुनित कार्यों के लिए अन्य इच्छुक दानदाता भी अपना नाम जोड़कर सहयोग कर सकते हैं।
गौमाता की सेवा के लिए निर्धारित की गईं सहयोग योजनाएं
गौमाता के संरक्षण, संवर्धन एवं नियमित देखभाल के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार विभिन्न सेवा योजनाएं निर्धारित की गई हैं। इनमें 701 रुपये की सवामणी, 1100 रुपये की गुड़ की सवामणी, 3100 रुपये की एक गाड़ी पैराकुट्टी, 7100 रुपये की एक दिवसीय चारा सेवा, 8400 रुपये की वार्षिक सवामणी तथा 11000 रुपये की एक गाय के वार्षिक चारे की सेवा शामिल है।
समिति ने अपील की है कि गौप्रेमी भक्तजन अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार इन सेवा योजनाओं में सहभागी बनें। इसके अतिरिक्त गौमाता की नियमित सेवा के लिए गौशाला के बैंक खाते अथवा दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा सकता है।
गौसेवा के लिए आगे आएं समाज के लोग
श्री कृष्ण गौशाला समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, गौभक्तों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस पावन गोपाष्टमी महोत्सव में सपरिवार शामिल होकर गौमाता की सेवा करें तथा धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाकर पुण्य लाभ अर्जित करें।









