युवा संवाद से यादें ताजा, 12 साल पहले 2014 में कलेक्टर के रूप में आया था, आज मंत्री के रूप में युवाओं के बीच – ओपी चौधरी
पीसीएल कॉलेज में 4.65 करोड़ के भवन निर्माण का कार्य जारी, जांजगीर में मेडिकल कॉलेज, नालंदा परिसर और नर्सिंग कॉलेज हमारी सरकार की देन – दिल्ली का मंच लोकतंत्र बचाने नहीं, परिवार और अस्तित्व बचाने का जमावड़ा था
जांजगीर-चांपा :- वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पीसीएल कॉलेज जांजगीर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने युवाओं से भविष्य निर्माण, देश और समाज की वर्तमान परिस्थितियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
अपने संबोधन में ओपी चौधरी ने कहा – “आज हम लोग युवा संवाद कार्यक्रम में पीसीएल कॉलेज में शामिल हुए। यहां बहुत पहले 2014 में बतौर कलेक्टर आज से 12 साल पहले यहीं पर आया था। आज बहुत पुरानी यादें ताजा हुई। जांजगीर-चांपा से पुराना जुड़ाव ताजा हुआ और युवाओं से हमने बहुत ही अच्छे तरीके से उनके भविष्य निर्माण की दृष्टि से चर्चा परिचर्चा भी की। वित्त मंत्री ने बताया कि इस कॉलेज में 4 करोड़ 65 लाख रुपए के भवन निर्माण का काम हमारी सरकार द्वारा चालू किया गया है। उन्होंने कहा कि जांजगीर में मेडिकल कॉलेज, जांजगीर में नालंदा परिसर, जांजगीर में नर्सिंग कॉलेज जैसे बड़े संस्थान हमारी सरकार द्वारा पिछले 3 सालों में प्रारंभ किए गए हैं। इससे जांजगीर के युवाओं को अधिकाधिक लाभ मिल रहा है और शिक्षा के क्षेत्र में जांजगीर नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। युवाओं के लिए शिक्षा और खेल की दिशा में मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराते हुए विपक्ष के दुष्प्रचार को आड़े हाथों लेते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाने के लिए पार्टियां एकजुट नहीं हुई थीं, बल्कि अपना परिवार बचाने और अपना अस्तित्व बचाने के लिए एक मंच पर आ खड़ी हुईं। उन्होंने कहा – “मोदी जी के सत्ता में आने से पहले यही पार्टियां एक दूसरे को कोसती थीं, लेकिन आज ये पार्टियां अपना राजनीतिक वजूद बचाने गलबहियां कर रही हैं। इसलिए एक मंच पर आकर लोकतंत्र के नाम पर ड्रामा कर रही हैं। देश की जनता सहित युवाओं को धन्यवाद देते हुए ओपी ने कहा कि युवा शक्ति ने ही विपक्ष के नापाक इरादों को कामयाब नहीं होने दिया।इशारों-इशारों में विपक्ष पर बड़ा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष विदेशी ताकतों के हाथों खेल रहा है, ताकि अराजकता की आड़ में देश में लोकतंत्र को कमजोर किया जा सके। लेकिन भारत का युवा जागरूक है, वह इस साजिश को कामयाब नहीं होने देगा।









