रायगढ़ में ऐतिहासिक युवा संवाद : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने हजारों युवाओं से किया सीधा संवाद, कहा – राजनीति में भाषण देने नहीं, आपका भविष्य संवारने आए हैं
UPSC से लेकर स्पोर्ट्स तक, नालंदा से नवगुरुकुल तक, HNLU से ट्रिपल IT तक, SIR से घुसपैठिए वोटर तक – हर सवाल का दिया जवाब
रायगढ़ :- रायगढ़ के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ जिले के कोने-कोने से हजारों युवा भाई-बहन शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी ने घण्टो युवाओं के बीच रहकर एक-एक सवाल का जवाब दिया और उन्हें भविष्य का रोडमैप दिखाया। कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण धर दीवान, महापौर जीवर्धन चौहान सभापति डिग्री साहू ,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुरुपाल भल्ला श्रीकांत सोमावार, जिला महामंत्री विकास केड़िया, जतिन साव सनत नायक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में वित्त मंत्री ने कहा युवाओं के लिए देश प्रदेश और रायगढ़ में सरकार युवाओं का भविष्य संवारने के लिए क्या प्रयास कर रही है यह आपको बताने आया हूं। केवल भाषण देना उद्देश्य नहीं है। हमारी कोशिश है कि युवाओं को बेहतर जिंदगी दे सकें, बेहतर भविष्य बना सकें। इस सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को धन्यवाद दिया।
यूपीएससी का सपना अब दिल्ली नहीं, रायगढ़ में होगा पूरा – प्रदेश का सबसे बड़ा नालंदा परिसर केलो तट पर
वित्त मंत्री ने मंच से पूछा – “किसके मन में आता है कि मैं UPSC की तैयारी करूं, लेकिन घर की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि दिल्ली जा सकूं?” – इस पर सैकड़ों हाथ खड़े हुए। इसी सवाल के जवाब में उन्होंने नालंदा परिसर की पूरी योजना बताई। उन्होंने कहा –
“ग्रेजुएशन कर रहे बच्चों को अच्छी किताबों की जरूरत होती है। IAS, PSC, SSC, रेलवे की किताबें नहीं मिलतीं। इसी कमी को पूरा करने के लिए रायपुर में 19 करोड़ के इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ नालंदा परिसर बनाया गया। यह ऐसी लाइब्रेरी है जो कभी बंद ही नहीं होती। दिन हो चाहे रात हो, दिवाली हो चाहे होली, स्वतंत्रता दिवस हो चाहे गणतंत्र दिवस, रोज खुला रहता है। उन्होंने बताया कि रायपुर वाले परिसर में 3000 बच्चों का रजिस्ट्रेशन है और 2500 बच्चे वेटिंग लिस्ट में हैं। इसी की सफलता के बाद मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पहले बजट में प्रदेश में 28 नालंदा परिसर बनाने का ऐलान किया गया।
रायगढ़ में केलो मैया के तट पर लगभग 40 करोड़ की लागत से प्रदेश का सबसे बड़ा नालंदा परिसर बन रहा है। यह कंपनियों के CSR फंड से बनाया जा रहा है। इस नालंदा में – UPSC PSC, PSSC, रेलवे, शिक्षक भर्ती, प्रोफेसर भर्ती, CA, एग्रीकल्चर, हॉर्टिकल्चर सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा होगी।
HNLU और ट्रिपल IT में 50% आरक्षण – छत्तीसगढ़ के बच्चों के लिए सुनहरा अवसर
युवा संवाद को इंटरेक्टिव बनाने के लिए वित्त मंत्री ने युवाओं से फुल फॉर्म पूछने का सेशन रखा। उन्होंने पूछा – HNLU का फुल फॉर्म क्या है? पीछे बैठी एक बिटिया ने सही जवाब दिया – Hidayatullah National Law University। वित्त मंत्री ने ताली बजवाई। उन्होंने बताया – “नवा रायपुर में, जिसका मैं स्वयं मंत्री हूं, वहां नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का भव्य कैंपस बन रहा है, जहाँ 50 करोड़ का ऑडिटोरियम बन रहा है। प्लेसमेंट बहुत शानदार है। सबसे बड़ी बात – यह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी है, लेकिन इसमें 50% सीटें हमारे छत्तीसगढ़ के बच्चों के लिए आरक्षित हैं – जनरल, ST, SC, OBC सभी के लिए। आधा सीट छत्तीसगढ़ के बच्चों को लेना ही लेना है, यह नियम बनाया गया है। अगर मेरिट में रहेंगे तो बाहर वाली 50% सीट पर भी चयन हो सकता है।”
इसमें प्रवेश के लिए CLAT यानि कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट देना होता है।
इसी तरह उन्होंने ट्रिपल IT यानि इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और NIFT यानि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी के बारे में बताया। ट्रिपल IT भी नवा रायपुर में है और वहां भी 50% आरक्षण छत्तीसगढ़ के बच्चों के लिए है। उन्होंने बलरामपुर से आकर प्रयास विद्यालय में पढ़ रहे छात्र प्रियांशु कुशवाहा की ओर इशारा करते हुए कहा – “देखो बलरामपुर का बच्चा प्रयास में सेलेक्ट होकर रायगढ़ में पढ़ रहा है, तो हमारे रायगढ़ के बच्चों को भी जोर लगाना चाहिए।” प्रयास में चयनित रायगढ़ के बच्चों से भी हाथ खड़े करवाए।
बहनों के लिए नवगुरुकुल – फ्री हॉस्टल, फ्री लैपटॉप और 45 हजार की नौकरी की तैयारी
कॉलेज की बहनों के लिए उन्होंने गढ़उमरिया ITI कैंपस में चल रहे नवगुरुकुल की जानकारी दी। उन्होंने हंसते हुए कहा – “ज्यादा जलन मत करना भाइयों, आजकल ज्यादा चीजें बहनों के लिए हो रही हैं। नवगुरुकुल केवल बहनों के लिए है। इसमें 2 साल की आवासीय ट्रेनिंग दी जाती है। रहने-खाने का पूरा खर्च शासन वहन करता है और 2 साल के लिए फ्री लैपटॉप भी दिया जाता है। यहाँ अंग्रेजी में बोलना, प्रेजेंटेशन देना, इंट्रोडक्शन, कंप्यूटर चलाना, टैली जैसी सभी स्किल्स सिखाई जाती हैं। लक्ष्य है कि 2 साल बाद 40 से 45 हजार रुपये की नौकरी मिले।
खेल भी अब नौकरी से बड़ा करियर – रायगढ़ में 100 करोड़ का स्पोर्ट्स शहर
छात्रा निशा गोस्वामी ने पूछा – “अगर कोई स्टूडेंट स्पोर्ट्स में करियर बनाना चाहता है तो छत्तीसगढ़ सरकार की क्या पॉलिसी है?” इस पर वित्त मंत्री ने विस्तार से जवाब दिया। उन्होंने कहा – WPL यानि महिला प्रीमियर लीग में हमारी बहनों को सवा तीन करोड़ रुपये मैच फीस मिल रही है। यह नौकरी से ज्यादा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा वैभव सूर्यवंशी मात्र 15 साल का है, लेकिन पूरे देश में जाना जाता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसे खेला, आपने देखा। यशस्वी जायसवाल बहुत गरीब घर से है। मुंबई में रिश्तेदार के यहाँ रहा, फिर शिवाजी पार्क की झोपड़पट्टी में रहकर प्रैक्टिस की और आज टीम इंडिया का ओपनर है। विराट कोहली जब 18 साल का था, फिरोजशाह कोटला में रणजी मैच खेल रहा था। रात में पिता प्रेम कोहली का निधन हो गया। घर में पिता की डेड बॉडी पड़ी थी, सुबह वह किट उठाकर स्टेडियम गया और 90 रन बनाकर टीम को फॉलोऑन से बचाया। आज हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का मालिक है। सफलता के लिए ऐसा ही समर्पण चाहिए।
ओपी ने बताया ..रायगढ़ ले रहा विकास की करवट
बोईरदादर स्टेडियम में ओलंपिक स्टैंडर्ड स्विमिंग पूल
एथलेटिक ट्रैक, स्केटिंग रिंग, रोल बॉल कोर्ट
मिनी स्टेडियम में नेट क्रिकेट, नेट बैडमिंटन सिस्टम
ट्रांसपोर्ट नगर के पास 100 करोड़ की लागत से नया स्पोर्ट्स कैंपस
जिले का पहला बी एड कॉलेज रायगढ़ में खुल रहा है
छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए किए जा रहे प्रयास
नवा रायपुर में पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी – देश में हैदराबाद और अमरावती के बाद तीसरी। पीवी सिंधु और साइना नेहवाल इसी से निकली हैं।
23 ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट माइकल फेल्प्स की स्विमिंग अकादमी रायपुर में
17 एकड़ में BCCI ट्रेनिंग अकादमी
बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक
राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ में गोल्ड जीता
कोरबा के किरकछार गांव की संजू देवी एशियन टीम में, भिलाई की आकर्षी कश्यप बैडमिंटन में वर्ल्ड रैंक 30 पर
रायपुर में इंडिया-जिम्बाब्वे, इंडिया-न्यूजीलैंड अंतरराष्ट्रीय मैच, IPL के मैच और RCB का सेकंड होम ग्राउंड
SIR को लेकर वोटर लिस्ट, घुसपैठिए और फर्जी वोटर पर भ्रम को किया दूर
युवा छात्र कुणाल श्रीवास्तव ने पूछा – “देश को आगे बढ़ाने में सरकार और युवाओं का योगदान है, SIR को लिए गए सवाल का जवाब देते हुए
वित्त मंत्री ने कहा -SIR का फुल फॉर्म स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन है। यह हर 8-10 साल में होने वाली सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने विस्तार से समझाते हुए कहा जिसका 1 जनवरी को 18 साल पूरा हो रहा है, उसका नाम वोटर लिस्ट में जुड़ना चाहिए।जिसका निधन हो गया है, उसका नाम हटना चाहिए, नहीं तो फर्जी वोट पड़ेगा।बांग्लादेश से फर्जी आधार बनाकर रायगढ़ में आकर नाम जुड़वा लेने वालों – घुसपैठियों का नाम हटना चाहिए। जो दो-तीन जगह नाम लिखवा लेते हैं, उनका नाम एक जगह होना चाहिए।इसी को ठीक करने के लिए SIR होता है। किसी का नाम गलती से छूट भी गया हो तो वह ऑनलाइन आवेदन कर कभी भी जुड़वा सकता है, इसके लिए कलेक्टर या नेता के पास जाने की जरूरत नहीं। SIR पर वोट चोरी का झूठा आरोप लगाकर भारत के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम किया जा रहा है।
जीवन का मंत्र – खुश रहो, स्वस्थ रहो, बड़ा सोचो
कार्यक्रम के अंत में एक छात्र मुस्कान द्वारा पूछे गए सवाल – “आप हमेशा खुश कैसे रहते हैं?” – पर वित्त मंत्री ने कहा – “मुंह लटकाने से कोई प्रॉब्लम सॉल्व नहीं होती है । एग्जाम में आए पेपर को कठिन मानने पर चक्कर खा जाओगे जो आता है वो भी नहीं लिख पाओगे। इसलिए हमेशा खुश रहो, पॉजिटिव रहो। उन्होंने लाइफस्टाइल पर भी बोला – “आजकल समोसा, गुटखा, दारू,का सेवन कर रहे।रात-रात भर इंस्टाग्राम देखे जाने को भी एक तरह का नशा बताया। HB1C, लिपिड प्रोफाइल, विटामिन B12, D3 की कमी से आजकल युवाओं में ही बिगड़ रहा है, जिससे हार्ट अटैक, ब्रेन हेमरेज हो रहा है। योग करो, शरीर ठीक नहीं रहेगा तो कलेक्टर, मंत्री बनकर भी क्या फायदा?” सुपर-30 फिल्म का डायलॉग सुनाते हुए उन्होंने कहा – “इन अमीरों ने अपने लिए चिकनी सड़क बना ली और हमारे रास्ते में गड्ढे छोड़ दिए, यही गलती कर दी कि हमें छलांग लगाना सिखा दिया। समय आएगा तो सबसे लंबी छलांग हम ही मारेंगे। उन्होंने कहा – “भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। औसत आयु जापान में 47, यूरोप में 46, भारत में 29 और छत्तीसगढ़ में मात्र 24 साल है। मोदी जी के 13 साल के परिश्रम से भारत बबूल के पेड़ से आम का पेड़ बन गया है, इसलिए दुनिया पत्थर मार रही है। मोदी जी का कोई भाई क्लर्क है, कोई पतंग बेचता है, कोई ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता है। प्रधानमंत्री आवास में उनके परिवार का एक भी व्यक्ति नहीं रहता। 25 साल मुख्यमंत्री-प्रधानमंत्री रहने के बाद भी बैंक में एक रुपया नहीं – ऐसा त्यागी नेतृत्व दुनिया में नहीं। अंत में सवालों का सही जवाब देने वाले छात्रों को डायरी दी गई और वित्त मंत्री ने अपनी स्वेच्छानुदान राशि से प्रत्येक को 5-5 हजार रुपये का चेक देने की घोषणा की। साथ ही कहा कि हॉस्टल में भी जाकर छात्रों से मिलेंगे और उनकी जरूरतों को पूरा करेंगे।
रायगढ़ में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन, युवाओं को सरकारी योजनाओं और भविष्य की संभावनाओं की दी गई जानकारी – वित्त मंत्री ओपी चौधरी
रायगढ़ में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा भाई-बहनों ने भाग लिया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने बताया कि बहुत ही अच्छे वातावरण में इंटरैक्टिव तरीके से युवाओं के साथ चर्चा हुई।
वित्त मंत्री ने बताया कि युवाओं को देश में उनके लिए उपलब्ध अवसरों, सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके बेहतर लाभ लेने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यूपीएससी की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए कौन-कौन सी स्कीम्स हैं, एसएससी, रेलवे में अवसर क्या हैं, स्वरोजगार की क्या संभावनाएं हैं और नालंदा परिसर जैसी सुविधाएं किस तरह बनाई जा रही हैं, इन सभी विषयों पर अलग-अलग योजनाओं की जानकारी दी गई ताकि युवा अपने बेहतर भविष्य के निर्माण में सरकार की योजनाओं का उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं के मन में देश में चल रहे कई विषयों को लेकर भी सवाल थे। राष्ट्र विरोधी ताकतों और अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्रों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों, SIR के बारे में, डेड वोटर्स, घुसपैठिए वोटर्स और नए वोटर्स को जोड़ने जैसे विषयों पर भी युवाओं ने सवाल पूछे, जिनका विस्तार से जवाब दिया गया। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आज का इंटरेक्शन बहुत ही कंस्ट्रक्टिव रहा। हमारी कोशिश है कि रायगढ़ की युवा पीढ़ी, छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत देश की युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं। दुनिया की चुनौतियों के बीच भारत में जितनी संभावनाएं उत्पन्न हो रही हैं, उनमें युवा अपना बेहतर भविष्य कैसे बना सकें, इस दिशा में गाइडेंस और इंटरेक्शन के माध्यम से विस्तृत चर्चा की गई।
अरुण धर दीवान, श्रीकांत सोमावार, देवेंद्र प्रताप सिंह और राधेश्याम राठिया ने विकसित भारत के संकल्प पर युवाओं से किया संवाद
रायगढ़ में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए विपक्ष के नैरेटिव से सावधान रहने की अपील की।
अरुण धर दीवान ने कहा – युवा वायु की तरह, मोदी जी का विकसित भारत का सपना युवा शक्ति से होगा पूरा
भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण धर दीवान ने कहा कि यह संवाद विकसित भारत के लिए है। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। युवा की ऊर्जा वायु की तरह होती है जो कभी भी कहीं भी जा सकती है। मोदी जी की विकसित भारत की कल्पना युवा शक्ति के जरिए आसानी से पूरी की जा सकती है।
उन्होंने प्राचीन भारत को सोने की चिड़िया बताते हुए कहा कि मुगल सल्तनत की लूट ने भारत को बदहाल किया। युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उन्होंने कहा कि युवा शक्ति परिवर्तन की वाहक है। युवा नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बने। जिस तरीके से युवाओं को गुमराह किया जा रहा है, विपक्ष के नैरेटिव की सत्यता जांचे जाने की आवश्यकता है।
श्रीकांत सोमावार ने कहा – विपक्ष गलत नैरेटिव से अराजक माहौल बनाना चाहता है
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीकांत सोमावार ने युवा संवाद का उद्देश्य बताते हुए कहा कि देश भर के युवाओं से राजनीतिक विषय पर सार्थक चर्चा करना इस संवाद का उद्देश्य है। विपक्ष गलत नैरेटिव से देश में अराजक माहौल बनाना चाहता है, इस कुत्सित प्रयास को युवाओं को समझना होगा। मोदी जी ने विकसित भारत की कल्पना को साकार करने के लिए अपनी पूरी ऊर्जा लगा दी है, इसके लिए आप सभी युवाओं का सहयोग चाहिए।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने दिए आंकड़े – भारत 10वें से चौथे स्थान पर, 108 योजनाओं पर 29 हजार लाख करोड़ खर्च
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हम युवा संवाद के लिए एकत्र हैं। आबादी का 65% युवाओं वाला यह देश जो ठान ले वह आसानी से कर सकता है। मोदी जी के विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए 65% युवा आबादी की शक्ति और ऊर्जा आवश्यक है। देश का नेतृत्व मजबूत हाथों में है।
उन्होंने यूपीए के 2004 से 2014 तक के कार्यकाल का तुलनात्मक अध्ययन करने की आवश्यकता बताई। आर्थिक विकास के मामले में भारत 10वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच गया है। स्किल डेवलपमेंट तेजी से हो रहा है। मोदी जी ने कहा है सिर्फ डिग्री नहीं बल्कि हुनर आवश्यक है, 20 लाख लोगों को स्किल ट्रेनिंग दी जा रही है। रोजगार के अवसर बड़े हैं।
उन्होंने बताया कि रेलवे, हाईवे, ब्रिज के 65 बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं। 12 बड़ी योजनाएं चल रही हैं, 24 मेट्रो सिटी में कुल 108 योजनाओं की लागत 29 हजार लाख करोड़ रुपये है। ये अभूतपूर्व आंकड़े हैं।
शिक्षा को विकास की नींव बताते हुए उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 की तुलना में IIT, IIM, AIIMS, ट्रिपल IT, मेडिकल कॉलेज, यूनिवर्सिटी, कॉलेजों की संख्या किस रफ्तार से बढ़ी है, इसका अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने दिल्ली में हुए जेपी आंदोलन का जिक्र करते हुए युवा पीढ़ी को संस्कारवान बताया और कहा कि आप लोग 2047 के विकसित भारत के गवाह होंगे और आप ही इस सपने को साकार करेंगे।
सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा – 2047 में आप होंगे विकसित भारत के गवाह
सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि मोदी जी के आह्वान पर जब 2047 में हम विकसित भारत बनाएंगे तो आप इसके गवाह रहेंगे। युवाओं की भूमिका ही इस सपने को पूरा करेगी।
भाजयुमो अध्यक्ष सुमीत शर्मा ने जताया आभार
युवा संवाद आयोजन में आए सभी अतिथियों का सुमीत शर्मा ने आभार जताते हुए कहा युवाओं की यह ऊर्जा विकसित भारत की दिशा तय कर माननीय मोदी जी के सपनो को साकार करेगी।









