रायगढ़:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को तराशने में जुटी है। इसी कड़ी में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के प्रयासों से रायगढ़ जिले की 9 ग्राम पंचायतों में खेल परिसरों के विकास के लिए 46 लाख 31 हजार 848 रुपये की स्वीकृति डीएमएफ से दी गई है।
इस पहल से धरमजयगढ़, घरघोड़ा और तमनार ब्लॉक के खेल परिसरों में अहाता निर्माण होगा। इससे मैदान सुरक्षित और व्यवस्थित होंगे और गांव के बच्चों व युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
खास बात यह है कि यह सभी निर्माण कार्य वीबी-जी राम जी योजना के अभिसरण से होंगे, जिससे निर्माण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार मिलेगा। यानी खेल के साथ-साथ रोजगार भी।
कहां कितनी राशि
धरमजयगढ़ ब्लॉक की 6 पंचायतों के लिए सबसे ज्यादा 28.24 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें ग्राम खम्हार के लिए 6.06 लाख, भोजपुर के लिए 2.51 लाख, पुटुकछार के थिर्रीआमा के लिए 3.38 लाख, कमरई के लिए 5.05 लाख, धौराभांठा के लिए 5.21 लाख और गनपतपुर के लिए 5.99 लाख शामिल हैं।
वहीं घरघोड़ा ब्लॉक की दो पंचायतों घरघोड़ी के लिए 6.12 लाख और कया के लिए 6.28 लाख, जबकि तमनार ब्लॉक की सराईपाली पंचायत के लिए 5.67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
खनन प्रभावित क्षेत्रों में डीएमएफ राशि से विकास को प्राथमिकता दी जा रही है और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों से रायगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ खेल अधोसंरचना को भी मजबूती मिल रही है।









