spot_img
Saturday, June 13, 2026

एसएसपी ने ली मासिक क्राइम समीक्षा बैठक, बाइक चोरों और फरार आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान तेज करने के निर्देश,

spot_img
Must Read

अपराध नियंत्रण के लिए माइनर एक्ट की कार्रवाई तेज करें, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और वेश्यावृत्ति गतिविधियों पर लगातार प्रहार के निर्देश

प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण और कार्य सीखने पर विशेष मार्गदर्शन

एसएसपी शशि मोहन सिंह : “प्रभावी पुलिसिंग का मूल आधार सक्रिय निगरानी, त्वरित कार्रवाई और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

13 जून, रायगढ़ । आज दिनांक 13 जून 2026 को पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने जिले के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा शाखा प्रभारियों की मासिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रशिक्षणरत उप निरीक्षक भी उपस्थित रहे।

बैठक के प्रारंभ में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा इस माह प्रस्तावित जिला निरीक्षण की जानकारी देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों एवं रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारियों से कार्यस्थलों की साफ सफाई, निरीक्षण से संबंधित अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं को अद्यतन रखने कहा।

इसके पश्चात निर्धारित एजेंडा के अनुसार अपराध समीक्षा बैठक प्रारंभ की गई। एसएसपी ने पिछली क्राइम मीटिंग के बाद दर्ज हुए नए मामलों एवं पुराने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की तथा गंभीर अपराधों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिले में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने विशेष रणनीति के तहत कार्य करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, थाना साइबर एवं शहरी थाना प्रभारियों को पुराने वाहन चोरों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा अवैध कबाड़ कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक माह चलाए जा रहे विशेष अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। थाना प्रभारियों को पहले से विस्तृत तैयारी कर आवश्यकता अनुसार अन्य जिलों एवं राज्यों में टीम भेजते हुए “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत अधिक से अधिक फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने महिला थाना की कार्यप्रणाली की सराहना की और सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिला अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए समय-सीमा के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए।

बैठक में थाना प्रभारियों को बीट आरक्षकों से नियमित फीडबैक लेने तथा बाजार क्षेत्रों में सशस्त्र जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि माइनर एक्ट के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई एवं बदमाशों की सतत जांच से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब एवं गांजा के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। वहीं, यातायात उप पुलिस अधीक्षक को शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नए आपराधिक कानूनों के तहत थानों में आवश्यक रजिस्टरों का विधिवत संधारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों को समय-समय पर इन रजिस्टरों का निरीक्षण कर प्रविष्टियों की जांच करने के निर्देश दिए। विवेचकों को नेटग्रिड एवं काईमैक्स पोर्टल का प्रभावी उपयोग करने तथा तकनीकी समस्याएं आने पर थाना साइबर एवं सीसीटीएनएस शाखा से आवश्यक सहयोग लेने कहा गया।

बैठक में उपस्थित प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए एसएसपी ने उन्हें प्रत्येक कार्रवाई में थाना प्रभारी एवं विवेचकों के साथ रहकर व्यवहारिक अनुभव प्राप्त करने और सीखने की ललक के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। क्राइम मीटिंग के पश्चात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी द्वारा प्रशिक्षु अधिकारियों की पृथक बैठक लेकर प्रशिक्षण की समीक्षा की गई तथा उन्हें प्रशिक्षण रोटेशन के दौरान प्रत्येक विधा में सक्रिय सहभागिता के साथ सीखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा संबंधित शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

Latest News

महाजेनको और अदाणी फाउंडेशन के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ…65 महिलाओं और किशोरियों को मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण और रोजगार

प्रशिक्षार्थियों के बीच एप्रन और सिलाई किट का भी वितरण रायगढ़, 13 जून 2026। महाराष्ट्र स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड...

More Articles Like This

error: Content is protected !!