देशभक्ति के रंग में रंगा नंदेली, स्वतंत्रता दिवस पर उमेश पटेल ने किया ध्वजारोहण

spot_img
Must Read
Advertisement Carousel

खरसिया, 15 अगस्त।

आजादी के 79वें पर्व पर नंदेली गांव सुबह से ही तिरंगे की आभा और देशभक्ति के सुरों में सराबोर रहा। गांव के दो प्रमुख विद्यालय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और महेंद्र सिंह पटेल मेमोरियल आदर्श विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और अनुशासन के साथ मनाया गया। दोनों आयोजनों के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान खरसिया विधायक उमेश पटेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और विद्यार्थियों को शिक्षा, मेहनत व अनुशासन के बल पर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सुबह 7:30 बजे आत्मानंद विद्यालय से प्रभात फेरी की शुरुआत हुई। बैंड की गूंजती धुन और बच्चों के जोशीले नारों ने पूरे गांव का माहौल देशभक्ति से भर दिया। फेरी के उपरांत विद्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण हुआ। अपने संबोधन में विधायक उमेश पटेल ने कहा – “आप सभी देश का भविष्य हैं। मेहनत और लगन से पढ़ाई करें, अपने सपनों को साकार करें और भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।” समारोह में विद्यालय समिति के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र पटेल, प्राचार्य मदन कुमार पटेल, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

इसके बाद विधायक महेंद्र सिंह पटेल मेमोरियल आदर्श विद्यालय पहुंचे जो शहीद नंदकुमार पटेल के पिताजी के नाम से संचालित है। यहां भी प्रभात फेरी बैंड की मधुर थाप और तिरंगे के रंगों में सजे विद्यार्थियों के साथ पूरे गांव में निकाली गई। ध्वजारोहण के उपरांत प्राचार्य सतीश कुमार पाण्डेय ने 15 अगस्त के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। अपने उद्बोधन में विधायक उमेश पटेल ने कहा – “स्वतंत्रता दिवस हमारे पूर्वजों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। इस आजादी को संजोना और देशहित में कार्य करना हम सबका कर्तव्य है। शिक्षा ही वह शक्ति है, जो व्यक्ति और राष्ट्र दोनों को प्रगति की राह पर ले जाती है।” श्री पटेल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उपाध्यक्ष सुनील पटेल, कोषाध्यक्ष खगपति मालाकार, जनपद सदस्य गंगा बाई पटेल, अध्यक्ष प्रेम शंकर पटेल और ग्राम सरपंच सुदर्शन पटेल समेत अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा और सामाजिक एकता का मंत्र दिया। उमेश पटेल ने शिक्षण सत्र 2024-25 में कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 31 विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और प्रत्येक को 1000 रुपये का प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया। विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया। आयोजन की सफलता में प्राचार्य सतीश कुमार पाण्डेय, सांस्कृतिक प्रभारी नवीन दुबे, पद्मा पटेल और सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की भूमिका सराहनीय रही। संचालन करुणा कैवर्त और सत्यम सिदार ने किया। नंदेली के दोनों विद्यालयों में तिरंगे की शान, जोशीले नारों और सजे-धजे प्रांगणों ने इस स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और ग्रामीणों के लिए एक प्रेरणादायी अनुभव बना दिया।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
Latest News

छत्तीसगढ़ में शक्कर संकट: अक्टूबर में 40% और नवंबर में लगभग पूरी सप्लाई ठप, राशनकार्डधारियों की बढ़ी परेशानी

छत्तीसगढ़ में शक्कर संकट: अक्टूबर में 40% और नवंबर में लगभग पूरी सप्लाई ठप, राशनकार्डधारियों की बढ़ी परेशानी चार सहकारी...

More Articles Like This