फरार गांजा तस्कर चन्द्रमणी यादव गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल i20 कार भी जब्त…सक्रिय सूचनातंत्र पर एनडीपीएस एक्ट के फरार आरोपी तक पहुंची पूंजीपथरा पुलिस

spot_img
Must Read

गांजा तस्कर चन्द्रमणी यादव के दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर भेजा गया था जेल

आरोपी को कोर्ट पेश कर भेजा जेल, ऑपरेशन क्लीन हंट में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में लगातार मिल रही सफलता

एसएसपी शशि मोहन सिंह — ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में फरार आरोपियों के खिलाफ हमारी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी

29 जुलाई, रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पूंजीपथरा पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे आरोपी चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35 वर्ष), निवासी सोनपुर, थाना लैलूंगा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। साथ ही गांजा तस्करी में प्रयुक्त i20 कार क्रमांक CG13BH5917 भी पुलिस ने जब्त कर ली है। उल्लेखनीय है कि इसी मामले में आरोपी के दो साथियों को पूंजीपथरा पुलिस ने 23 अप्रैल 2026 को गांजा तस्करी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था, जबकि चन्द्रमणी पुलिस घेराबंदी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।

23 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम तुमीडीह महुआ चौक, पठान कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की थी। मौके पर i20 कार में बैठे दो आरोपियों खिरोधर यादव (जिला जशपुर) एवं पुरुषोत्तम यादव (ग्राम तुमीडीह) को गिरफ्तार किया गया था, जबकि तीसरा आरोपी चन्द्रमणी यादव कार लेकर फरार हो गया था। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2.728 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया जिसकी कीमत ₹24,500 तथा बिक्री की ₹5,000 नगद राशि जब्त की गई थी। कुल ₹29,500 की जप्ती कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम यादव ने खुलासा किया कि फरार हुआ व्यक्ति चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव ही था, जो गांजा बिक्री के उद्देश्य से उनके साथ i20 कार में आया था और पुलिस कार्रवाई के दौरान भाग निकला। इसके बाद पूंजीपथरा पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य जुटाकर उसकी घटनास्थल पर मौजूदगी प्रमाणित की तथा लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय रखा। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत आरोपी के अपने गांव आने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद तस्करी में प्रयुक्त i20 कार क्रमांक CG13BH5917 भी जब्त कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

फरार आरोपी की सफल पतासाजी एवं गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा तथा पूंजीपथरा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ केवल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का अभियान नहीं, बल्कि अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश है कि कानून से भागकर कोई भी बच नहीं सकता। नशे पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी। अपराधियों के खिलाफ हमारी कार्रवाई निरंतर और निर्णायक रहेगी।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
Latest News

जमीन पर बैठे वित्त मंत्री, सादगी बनी मिसाल – वीआईपी संस्कृति को दरकिनार कर कार्यकर्ताओं के बीच पंगत में बैठकर किया भोजन

जमीन पर बैठे वित्त मंत्री, सादगी बनी मिसाल - वीआईपी संस्कृति को दरकिनार कर कार्यकर्ताओं के बीच पंगत में...

More Articles Like This